जयपुर। श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, केडिया पंचवटी में रविवार को सामूहिक क्षमावाणी एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान आदिनाथ की पूजा-अर्चना एवं आरती से हुई। इसके पश्चात समाजबंधुओं ने सामूहिक क्षमावाणी करते हुए एक-दूसरे से जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए क्षमा मांगी तथा आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया।
समाजसेवी अमन काला ने बताया कि क्षमावाणी पर्व के अवसर पर समाज के सदस्यों ने आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम एवं सौहार्द के साथ रहने का संकल्प लिया।
इसके बाद डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे समाजबंधुओं ने डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम में समाज के अनेक परिवारों ने सहभागिता की।

Post a Comment