Popular

रंगीलो राजस्थान गरबा रास महोत्सव एवं मेला हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

सैकड़ों प्रतिभागियों ने गरबा की धुनों पर बिखेरी रंगारंग छटा, देर रात तक झूमता रहा जनसैलाब

जयपुर। इंदिरा गांधी नगर, जगतपुरा, जयपुर स्थित रिद्धि-सिद्धि मैरिज गार्डन के विशाल प्रांगण में आयोजित “रंगीलो राजस्थान गरबा रास महोत्सव एवं मेला–2026” अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ प्रारम्भ हुए इस भव्य आयोजन में क्षेत्रवासियों सहित स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।


सांझ की अरुणिम वेला में गरबा की पारंपरिक एवं रंग-बिरंगी पोशाकों से सजे प्रतिभागियों ने मधुर संगीत और गरबा की ऊर्जावान धुनों पर गोलाकार नृत्य करते हुए मनमोहक छटा बिखेरी। पूरे परिसर में राजस्थानी संस्कृति, पारंपरिक लोक रंगों और उत्सवी उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। देर रात तक बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होते रहे और गरबा की धुनों पर झूमते रहे। मेले ने भी आयोजन की रौनक में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अखिल शुक्ला ने की। इस अवसर पर श्री छोटूराम मीणा, पूर्व पार्षद, श्री लोकेश कुमार सिंह ‘साहिल’, श्री महेश कराड़िया, श्री प्रदीप भाटिया एवं श्री अशोक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। गोपाल सेवा भाव ट्रस्ट की ओर से श्री पुनीत जैन, श्री अमित मिश्रा, श्री कृष्ण दत्त झालानी एवं डॉ. अशोक दुबे सहित अन्य गणमान्यजन भी आयोजन में शामिल हुए।

इस भव्य आयोजन की परिकल्पना एवं निर्देशन गीतकार एवं एडवोकेट श्री सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। कराड़िया इवेंट्स के श्री दीपक कराड़िया ने मुख्य आयोजन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई, जबकि श्री कपिल पचौरी के श्रेष्ठ संयोजन से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप में सम्पन्न हुआ। 

आयोजन का विशेष आकर्षण गीतकार एवं एडवोकेट श्री सुरेन्द्र कुमार शर्मा द्वारा रचित गरबा गीत “आओ मिलकर रास रचायें” रहा। गीत को संगीतबद्ध कर कार्यक्रम में प्रस्तुत किया गया, जिसकी मधुर स्वर-लहरियों ने पूरे प्रांगण को गरबा के रंग में रंग दिया। उपस्थित जनसमूह ने गीत की मुक्तकंठ से सराहना की। इस प्रस्तुति ने आयोजन को विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान प्रदान की और पारंपरिक गरबा के प्रति लोगों के उत्साह को और बढ़ाया।

“रंगीलो राजस्थान गरबा रास महोत्सव एवं मेला–2026” ने सामूहिक सहभागिता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संदेश दिया। आयोजन ने इंदिरा गांधी नगर एवं आसपास के क्षेत्र में उत्सवधर्मिता और सांस्कृतिक एकजुटता का वातावरण निर्मित किया। गरबा में श्रेष्ठ नृत्य के पुरस्कार में वाशिग मशीन की विजेता रही । यह आयोजन प्रतिभागियों एवं दर्शकों के लिए यादगार बन गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post