Popular

हीरों की चमक के बीच महिलाओं ने मनाया ‘ग्लोरी इन डायमंड’ का यादगार उत्सव


जयपुर, ह्यूमन ग्लोरी वूमेन्स क्लब द्वारा रविवार को एम.आई. रोड स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी में “ग्लोरी इन डायमंड – एन इवनिंग ऑफ एलिगेंस, एम्पावरमेंट एंड सेलिब्रेशन” का भव्य एवं यादगार आयोजन किया गया। हीरों की चमक, महिलाओं की मुस्कान और उत्साह से भरे माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्वा राणावत, Mrs. India Galaxy 2017, योग विशेषज्ञ एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्ती रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक विचारों के माध्यम से महिलाओं को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

ह्यूमन ग्लोरी वूमेन्स क्लब की अध्यक्ष मनीषा जैन “कुसुम” ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि क्लब का उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे अपनी प्रतिभा को निखारते हुए आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ सकें।

संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद जैन भँवर ने बताया कि ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन एवं ह्यूमन ग्लोरी वूमेन्स क्लब समाजसेवा के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को एकजुट करने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और उनके आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाता है।

कार्यक्रम में डांस, मनोरंजक गेम्स, स्वादिष्ट भोजन और आकर्षक उपहारों ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया। डायमंड व्हाइट एवं रेड ड्रेस कोड में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम की रौनक को और भी बढ़ा दिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में संतोष बम्ब,उपमा सारस्वत , अंजू गुप्ता, राजुल अग्रवाल, रचना बैद, ज्योति जैन, अर्चना, प्रीती जैन,अंजू अग्रवाल उपस्थित रही।

“ग्लोरी इन डायमंड” केवल एक मनोरंजक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास, एकजुटता और सशक्तिकरण का खूबसूरत उत्सव बन गया। कार्यक्रम का समापन हंसी, खुशी और यादगार पलों के साथ हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post