पूरी।जगन्नाथ पुरी की पावन धरा एक बार फिर भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर होने जा रही है। दादिकेश्वर मित्र परिवार के तत्वावधान में आगामी 30 सितम्बर 2026 से 6 अक्टूबर 2026 तक भव्य श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव भी प्रदान करेगा।
इस भव्य आयोजन को लेकर आज मंगल गणेश मंदिर में बैठक संपन्न हुई, जिसमें जयपुर शहर के अनेक श्रद्धालु एवं समाज के गणमान्य लोग एकत्रित हुए।
यहीं पर पूरे जयपुर के लोगों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से इस धार्मिक आयोजन को भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
श्रीमद् भागवत कथा हिंदू धर्म का एक अत्यंत पवित्र ग्रंथ है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, लीलाओं और धर्म के गूढ़ रहस्यों का वर्णन किया गया है। कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है तथा आत्मिक शांति प्रदान करता है।
इस सात दिवसीय कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथा व्यास आचार्य श्री घनश्याम “दास” जी द्वारा किया जाएगा, जो अपनी मधुर वाणी और भावपूर्ण शैली से श्रोताओं को भक्ति रस में डुबो देते हैं।
कथा का आयोजन होटल रमानी, श्री जगन्नाथ पुरी (ओडिशा) में किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए आवागमन, आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे सभी भक्त बिना किसी चिंता के कथा का पूर्ण आनंद ले सकें।
यात्रा शुल्क एवं सुविधाएं
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सौरव खंडेलवाल ने बताया कि इस संपूर्ण धार्मिक यात्रा के लिए प्रति यात्री शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें ट्रांसपोर्ट सहित सभी आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। यह व्यवस्था विशेष रूप से समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाई गई है।

Post a Comment