डबल धमाका: अन्तर संभागीय सिविल सेवा कबड्डी टूर्नामेंट में जयपुर की पुरुष-महिला टीमों का जलवा, डिप्टी सेक्रेटरी सुशील माथुर की कप्तानी में गोल्ड पर कब्जा
उदयपुर। 12वीं राजस्थान राज्य अंतर-संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 में कबड्डी के मैदान पर जयपुर मुख्यालय का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला। रोमांचक मुकाबलों से भरे इस टूर्नामेंट में जयपुर मुख्यालय की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर डबल गोल्ड अपने नाम किया।
उदयपुर में 5 से 7 मार्च तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जयपुर की टीमों ने हर मैच में आक्रामक खेल, मजबूत रक्षा और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया। डिप्टी सेक्रेटरी सुशील माथुर की कप्तानी में पुरुष टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए फाइनल मुकाबले में विपक्ष को शिकस्त देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया, वहीं महिला टीम ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
कार्मिक विभाग के तत्वावधान में जिला प्रशासन उदयपुर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी संभागों तथा जयपुर मुख्यालय से कुल 8 टीमों ने भाग लिया। महाराणा भूपाल स्टेडियम में पहली बार प्रोफेशनल मैट पर खेले गए मुकाबलों ने प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बना दिया। जयपुर की टीमों ने तेज रेड, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन रणनीति के दम पर पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा।
7 मार्च को आयोजित समापन समारोह में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रामानी ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा प्रमाण-पत्र प्रदान किए। जयपुर मुख्यालय की पुरुष एवं महिला कबड्डी टीमों को गोल्ड मेडल के साथ विशेष सम्मान दिया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर नमित मेहता, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी.आर. देवासी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
संभागीय आयुक्त ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि सिविल सेवकों द्वारा खेल के मैदान पर दिखाया गया अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना प्रेरणादायक है। ऐसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा और टीम स्पिरिट को मजबूत करती हैं।
जयपुर मुख्यालय की इस शानदार जीत से पूरे सिविल सेवा परिवार में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेल के मैदान में भी वे अव्वल रहने का दम रखते हैं।

Post a Comment