जयपुर। राजस्थान के राज्य वृक्ष खेजड़ी के संरक्षण, संवर्धन तथा पर्यावरण सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा सख्त कानून लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री श्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस द्वितीय बैठक में राज्यमंत्री श्री के.के. विश्नोई सहित वन एवं पर्यावरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा, विधायक श्री पब्बाराम बिश्नोई, पूर्व विधायक श्री बिहारी लाल बिश्नोई, विधि विभाग के अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में खेजड़ी के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
राज्य वृक्ष खेजड़ी राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, पर्यावरणीय संतुलन और ग्रामीण जीवन का अभिन्न आधार है। मरुस्थलीय क्षेत्र की पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी दृष्टि से इसके संरक्षण, संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

Post a Comment