सांसद मंजू शर्मा ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
जयपुर, रविवार। जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने पिंक सिटी प्रेस क्लब में आयोजित 10 दिवसीय बाल अभिरुचि शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना भी आवश्यक है। ऐसे शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद मंजू शर्मा ने बच्चों की संगीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर नई पहचान मिल सकती है।
उन्होंने बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने पर भी जोर दिया। सांसद ने कहा कि शिविर के दौरान बच्चों को जंगल सफारी कराई जाए, ताकि वे वन्यजीवों, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझ सकें तथा प्रकृति के प्रति प्रेम और संवेदनशीलता विकसित कर सकें।
क्लब के महासचिव राजकुमार शर्मा ने बताया सात से 17 जून तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों को अभिनय, संगीत, नृत्य, मार्शल आर्ट, डांस सहित विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों, अभिभावकों और क्लब पदाधिकारियों ने भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि आगामी 17 जून तक विभिन्न कलाओं के विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को अलग-अलग विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी रचनात्मक क्षमता और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलेगी।
क्लब अध्यक्ष मुकेश कुमार मीणा, महासचिव राजकुमार शर्मा, संयोजक अनीता शर्मा सहित उपाध्यक्ष डॉ, मोनिका शर्मा कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में पत्रकार साथी और उनके परिवार इसके सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment