जयपुर, 14 जून। ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट (रजि.) एवं अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन महिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर नवजीवन ब्लड बैंक, जयपुर में विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया तथा मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री जितेन्द्र श्रीमाली, निवर्तमान चेयरमैन, भवन निर्माण समिति, नगर निगम जयपुर रहे। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।
ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन भंवर ने बताया कि संस्था समाज सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के लिए सदैव समर्पित है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। मनीषा जैन "कुसुम", प्रदेश उपाध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन महिला इकाई ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वैश्य फेडरेशन महिला इकाई अध्यक्ष चारु गुप्ता, सचिव सीमा सेठी, उपाध्यक्ष सीमा विजयवर्गीय, नीरज वार्ष्णेय , अशोक भंडारी , मनोज सोगानी , सहित शीतल जैन, रोहित जैन, रेखा खूंटेटा, अंजली गुप्ता, मिताली गुप्ता एवं अनामिका सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे और शिविर की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नवजीवन ब्लड बैंक से डॉ मनोज भारद्वाज ने बताया शिविर के दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
"एक यूनिट रक्त, कई जिंदगियों के लिए आशा की किरण बन सकता है।"
इसी संदेश के साथ रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Post a Comment