दिल्ली।
भारत की राजधानी नई दिल्ली में देवी अहिल्या चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई द्वारा कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में वामा रत्न अवार्ड सीजन 2 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा ने की। विशिष्टअतिथि दिल्ली सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज व मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर अंजना तिवारी रहीं।
ट्रस्ट की महामंत्री संगीता शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की संपूर्ण भारतवर्ष से आई 21 महिलाओं को उनके कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु वामा रत्न 2025 से नवाजा गया। इस अवसर पर संपूर्ण भारतवर्ष से 150 से अधिक प्रबुद्ध नारी शक्ति ने भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति नई शक्ति को ताकत का पर्याय है तथा परिवार को संगठित करने में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। नारी शक्ति सभी कार्यों को समान रूप से करते हुए परिवार को एकता के सूत्र में रखती है तथा शिक्षित नारी शिक्षित समाज का निर्माण करती है। उन्होंने समाज में बढ़ते हुए नशे को हानिकारक बताया तथा इससे दूर रहने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि सांसद बांसुरी स्वराज ने ऐसे सामाजिक आयोजनों को संगठन हेतु आवश्यक बताया तथा नारी शक्ति को कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ाने तथा प्रत्येक क्षेत्र में मजबूती से पहचान बनाने की बात की। पुलिस उप अधीक्षक अंजना तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देते हैं तथा युवाओं को अपने कार्य क्षेत्र में मजबूती से काम करते हुए राष्ट्र निर्माण में आगे आना चाहिए एवं नारी शक्ति को शिक्षित समाज में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा सतीश पंचारिया, मुंबई ने बताया कि यह ट्रस्ट 2018 में प्रारंभ हुआ था, जिसके तहत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्य करवाए जा रहे हैं तथा शिक्षा, संस्कार व रोजगार के क्षेत्र में नारी शक्ति को आगे लाकर समाज में पुरुषों के समक्ष बराबर का अधिकार मिले ऐसा प्रयास ट्रस्ट के द्वारा अनवरत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन निरंतर रूप से किए जाएंगे तथा आगामी आयोजन 2026 में राजस्थान की राजधानी जयपुर में होगा, जिसका सभी ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
युवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जोशी ने युवाओं को संगठित होकर आगे बढ़कर इस तरह के कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर भागीदारी का आह्वान किया तथा विशेष रूप से युवतियों हेतु शिक्षा के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित करने तथा शिक्षा, भवन, जनगणना आदि विषयों पर बात की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीपाली जोशी दिल्ली ने गणपति वंदना नृत्य से की, प्रसिद्ध गायिका कविता तिवारी और गुंजन शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज में गाना गाया, पूनम व्यास ने अपनी रची कविता सुनाई और अद्विका व्यास के सुंदर नृत्य प्रस्तुति से कार्यक्रम को आनंदमय बनाया।
इस अवसर पर उद्योगपति अरुण जोशी, युवक संघ के राष्ट्रीय प्रभारी गोपाल जोशी, युवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जोशी, महाराष्ट्र प्रांतीय अध्यक्ष सागरमल शर्मा, वीरेंद्र व्यास इंदौर, सीताराम शर्मा धूलिया, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, दिल्ली प्रांतीय अध्यक्ष रामस्वरूप जोशी, राजेश तिवारी रतलाम, कविता शर्मा मुंबई, श्वेता शर्मा मुंबई, ओपी शर्मा नई दिल्ली, प्रवीण शर्मा बीकानेर, राजेश्वरी शर्मा इंदौर, संजय त्रिपाठी मुंबई विनोद शर्मा मुंबई, राम शर्मा बीकानेर, मोहिनिश शर्मा नई दिल्ली घनश्याम जोशी बीकानेर सहित प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

Post a Comment