Popular

गाय को राज्यमाता का दर्जा दिलाने भगवा रैली में उमडे लोग


 डेढ किमी लंबी रैली के कारण जयपुर जाम

- जय श्रीराम, हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारों से गूंजा आसमान

- युवा शक्ति मंच राजस्थान का आयोजन

जयपुर, 14 सितम्बर (ब्यूरो): गाय को राज्यमाता का दर्जा दिलाने के लिए रविवार को युवा शक्ति मंच की ओर से आयोजित भगवा रैली में जयपुर ही नहीं बल्कि आसपास के इलाके के लोग भी उमड पडे। भगवा रैली में शामिल हुए लोगों का जोश इस कदर रहा कि डेढ किमी लंबी रैली के कारण पूरा यातायात जाम हो गया और पुलिस प्रशासन को ट्रेफिक व्यवस्था सुधारने के लिए मशक्कत करनी पडी। भगवा रैली को राज्य के साधु संतो ने जलमहल से भगवा ध्वज दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदचार्य, पूर्व प्रत्याशी रवि नैय्यर मौजूद रहे। इस दौरान रैली के आगे सभी वाहन भगवा झंडा लेकर चले। 


युवा शक्ति मंच राजस्थान के प्रदेश संयोजक सुनील सिंह शेखावत ने बताया कि संकल्प हिन्दू राष्ट्र बनाने का है। इसके लिए 8वीं रैली का आयोजन किया गया। रैली का आयोजन स्वामी लक्ष्मणानंद बलिदान दिवस के रूप में हुआ। इस दौरान हिंदू राष्ट्र बनाने के साथ गाय को राज्य माता का दर्जा दिलाने की मांग की गई। रैली में सबसे आगे राम रथ रहा और उसके पीछे गौ माता की मनमोहक झांकी सजाई गई। 

हजारों की संख्या में शामिल हुए लोग

इस भगवा रैली में हजारों की संख्या में वाहन शामिल हुए। सभी प्रतिभागी हाथों में भगवा झंडे लिए रहे और गौ माता के नारे लगते रहे। रैली के आगे और पीछे भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान दिल्ली रोड पर यातायात को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। रैली के मार्ग में आने वाली गलियों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया और जगह-जगह दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किए गए। रैली में जितने लोग वाहनों पर सवार रहे उससे दुगुनी संख्या में पैदल चलते नजर आए। वाहन रैली के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए भगवा कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदारी संभाली। 

रैली रोककर एम्बुलेंस को निकाला


दिल्ली रोड की ओर से आ रही ट्रैफिक के बीच रैली के दौरान एक एम्बुलेंस फंस गई। इस पर कार्यकर्ताओं ने तुरंत रैली के वाहनों को साइड में कर एम्बुलेंस के लिए रास्ता साफ किया। इस दौरान रैली लंबी होने  के कारण एम्बुलेंस के आगे करीब आधा दर्जन कार्यकर्ता दौडते हुए रास्ता साफ करवाते हुए नजर आए।  

दशहरा मैदान पर हुआ समापन जहां तेलंगाना के गोशा महल के विधायक टी राजा सिंह  ने गाय माता को राज्य माता का दर्जा देने के लिए संबोधन दिया। 

भगवा रैली जलमहल से रवाना होकर रामगढ मोड पहुंची यहां रास्ते में आधा दर्जन से अधिक संगठनों की ओर से रैली का स्वागत किया गया। इसके बाद रैली चुंगी, खोले के हनुमान जी, ईदगाह, गलता गेट, ट्रांसपोट नगर पुलिया के ऊपर से होते हुए रोटेरी सर्किल पहुंची जहां रैली का शानदार स्वागत हुआ। यहां से वाहन रैली आजाद नगर, जवाहर नगर टीला नंबर 1 से टीला नंबर 5 हुए लाल जैन मंदिर, पंचवटी सर्किल होते हुए दशहरा मैदान पहुंची जहां सभा के बाद रैली का समापन हुआ।


Post a Comment

Previous Post Next Post