गुर्जर समाज मनाएगा देवनारायण भगवान राष्ट्रीय महोत्सव
जयपुर, 20 मई,गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान राज्यभर में शहीद हुए गुर्जर समाज के नेताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए देशभर के गुर्जर समाज के लोग सवाई माधोपुर में एकत्र होंगे। इसके लिए सवाई माधोपुर के कुशाली दर्रा में आगामी 28 मई से तीन दिवसीय श्री देवनारायण भगवान राष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम दिन 30 मई को गुर्जर समाज संसद के साथ ही श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान तीन दिनों तक शहीद स्थल, कुशाली दर्रा, परिक्षेत्र दुमाड़ा में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम होंगे।
इसकी जानकारी देते हुए अखिल भारतीय गुर्जर देवसेना के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रंगलाल गुर्जर, राष्ट्रीय अध्यक्ष धन्नालाल गुर्जर, चौरासी गुर्जर विकास संस्थान के लटूर सिंह गुर्जर, गुर्जर देवसेना के हरिराम धाबाई और इंटरनेशनल गुर्जर महासभा के कर्नल देवानंद गुर्जर ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य धर्म, संस्कृति और समाज की एकता को मजबूत करना है। इसमें में देशभर से समाज के लोग और विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार भाग लेंगे। कार्यक्रम में विशेष रूप से वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 28 मई को उद्घाटन समारोह एवं कथा कार्यक्रम से होगी। इसके बाद 29 मई शुक्रवार को भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 30 मई शनिवार को श्रद्धांजलि सभा एवं समापन समारोह होगा। इस दौरान श्री देवनारायण भगवान की भव्य कथा, विशाल भजन संध्या, हरि कीर्तन और समाज जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। साथ ही देशभर के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में समाज में एकता, भाईचारा और संस्कृति संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में देशभर के करीब एक से डेढ लाख लोगों के आने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके साथ ही इसमें विभिन्न प्रदेशों की गुर्जर संस्कृति का प्रदर्शन भी किया जाएगा। जिसमें देशभर की संस्कृति एक ही स्थान पर दिखाई देगी। समारोह के लिए सवाई माधोपुर जिले के सर्व समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा समाज के सभी राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों और जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है।
महोत्सव को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं और आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। यह आयोजन समाज में नई ऊर्जा और एकजुटता का संदेश देगा।

Post a Comment