जयपुर।ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा मातृत्व दिवस के पावन अवसर पर टोंक रोड स्थित मालाबार शोरूम में एक भव्य, भावनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की अनेक प्रतिष्ठित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नारी शक्ति, मातृत्व एवं संस्कारों के सम्मान का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण एवं मेंटर *मनीषा जैन “कुसुम”* रहीं, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “मां केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज की आत्मा होती है।” उनके भावपूर्ण विचारों ने उपस्थित सभी महिलाओं के हृदय को भावुक कर दिया तथा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान संगीत, नृत्य, मनोरंजक गेम्स, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सम्मान समारोह ने माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया। महिलाओं ने पूरे कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। साथ ही स्वादिष्ट अल्पाहार एवं आकर्षक उपहारों की भी विशेष व्यवस्था की गई।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष *प्रमोद जैन भँवर* ने बताया कि Human Glory Foundation Trust निरंतर महिला सशक्तिकरण, जीव दया, रक्तदान, वृक्षारोपण, परिंडा महोत्सव, निशुल्क चिकित्सा शिविर, शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, संस्कार और सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं एवं महिलाओं को मातृत्व दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए समाज में नारी सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।


Post a Comment