जयपुर।जहाँ एक ओर भीषण गर्मी इंसानों के लिए चुनौती बनती जा रही है, वहीं नन्हे पशु-पक्षियों के लिए यह जीवन और मृत्यु का संघर्ष बन जाती है। ऐसे संवेदनशील समय में ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ट्रस्ट (रजि.) द्वारा आयोजित “परिंडा महोत्सव” ने मानवता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
दिनांक 16 अप्रैल 2026 को प्रातः 9:00 बजे विजाता होटल एंड रिसॉर्ट, सांगानेर में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विजाता होटल एंड रिसॉर्ट के संस्थापक श्री जितेंद्र शर्मा एवं श्री मोनू शर्मा ने इस अभियान को “जीव मात्र के प्रति सेवा का सच्चा धर्म” बताते हुए इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद जैन भँवर ने बताया कि “परिंडा महोत्सव” के तहत शहरभर में सैकड़ों परिंडे लगाए जा रहे हैं, ताकि एक-एक बूंद पानी के लिए भटकते पक्षियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि “पक्षियों के लिए रखा गया एक छोटा सा परिंडा भी किसी के जीवन को बचा सकता है।”
कार्यक्रम का संचालन संस्था की कोषाध्यक्ष मनीषा जैन व सांस्कृतिक सचिव राखी जैन ने किया। इस दौरान उपस्थित सभी अतिथियों निर्मला गोयल , शीतल जैन , कमलेश मीणा , अनिल चौधरी,सहित सभी ने स्वयं परिंडे लगाकर इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक सफल एवं प्रेरणादायक बना दिया।
अंत में संस्था ने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों एवं आसपास के स्थानों पर परिंडे लगाकर इस जन-अभियान से जुड़ें और मानवता के इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाएं।


Post a Comment