सांगानेर। धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी सांगानेर में आगामी 10 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को भक्ति और श्रद्धा का विशाल संगम देखने को मिलेगा। श्री श्याम सखा मंडल, सांगानेर के तत्वावधान में “एक शाम सांवरें के नाम” भव्य भजन संध्या का आयोजन चित्रकूट कॉलोनी, सांगानेर में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम 6:15 बजे से देर रात्रि तक चलेगा, जिसमें सैकड़ो श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम संयोजक अनुभव पारीक ने बताया कि
इस भव्य भजन संध्या में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए ख्यातिप्राप्त भजन कलाकार अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो देंगे। कार्यक्रम में पुरुषोत्तम बृजवासी (अलवर), विक्की शर्मा (श्रीगंगानगर), संजू शर्मा (शाहपुरा) एवं आशीष शर्मा (लालसोट) जैसे प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इन कलाकारों की भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेंगी और पूरा वातावरण श्याममय हो उठेगा।
कार्यक्रम का आयोजन परम पूज्य श्री कमलेश जी महाराज (गायत्री भवन, सांगानेर) की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उनके सान्निध्य में यह आयोजन और भी दिव्य एवं गरिमामय बनने जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में भक्ति, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।
श्री श्याम सेवा मंडल द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है, साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, पार्किंग एवं सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम में ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था भी अत्याधुनिक स्तर की रहेगी, जिससे हर श्रद्धालु भजन संध्या का आनंद ले सके।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भक्ति आयोजन का हिस्सा बनें और श्याम नाम की महिमा का गुणगान करें।

Post a Comment